DC vs KKR Live Score: कोलकाता ने दिल्ली को 128 रन का लक्ष्य दिया, रसेल ने 20वें ओवर में लगातार तीन छक्के जड़े.

खास बातें

Cricket Live Score IPL DC vs KKR 2023 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2023 के 28वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से है। यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। दिल्ली की टीम बेहद खराब फॉर्म में है और उसने अब तक अपने पांचों मैच गंवाए हैं। वहीं, कोलकाता की टीम ने पांच में से दो मुकाबले जीते हैं और तीन में हार का सामना करना पड़ा है। दिल्ली की टीम अभी भी पहली जीत की तलाश में है। दिल्ली के कप्तान डेविड वॉर्नर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया।

लाइव अपडेट

10:24 PM, 20-APR-2023

DC vs KKR Live: कोलकाता ने 128 रन का लक्ष्य दिया

कोलकाता नाइट राइडर्स ने दिल्ली कैपिटल्स के सामने 128 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता की टीम 20 ओवर में 127 रन पर सिमट गई। कोलकाता की शुरुआत बेहद खराब रही थी और टीम ने शुरू से ही नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। लिटन दास चार रन, कप्तान नीतीश राणा चार, मनदीप सिंह 12 रन, रिंकू सिंह छह रन और सुनील नरेन चार रन बनाकर आउट हुए। वेंकटेश अय्यर और अनुकूल रॉय खाता भी नहीं खोल सके।

एक वक्त कोलकाता ने 96 रन पर नौ विकेट गंवा दिए थे। इन 96 में से 43 रन जेसन रॉय का रहा। जेसन ने 39 गेंदों में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 43 रन की पारी खेली। कुलदीप हैट्रिक से चूक गए। उन्होंने 15वें ओवर में लगातार दो गेंदों पर दो विकेट झटके। जेसन को अमन खान के हाथों कैच कराने के बाद कुलदीप ने इम्पैक्ट प्लेयर अनुकूल रॉय को एल्बीडब्ल्यू आउट कराया। उमेश यादव तीन रन बनाकर आउट हुए। आखिरी ओवर में आंद्रेस रसेल ने मुकेश कुमार की लगातार तीन गेंदों पर तीन छक्के जड़े। इनमें से एक छक्का 109 मीटर का रहा। आखिरी गेंद पर वरुण चक्रवर्ती (1) रन आउट हो गए। रसेल 31 गेंदों पर एक चौका और चार छक्के की मदद से 38 रन बनाकर नाबाद रहे। 

23 महीने बाद आईपीएल में कोई मैच खेल रहे ईशांत शर्मा ने शानदार वापसी की। उन्होंने चार ओवर में 19 रन देकर दो विकेट झटके। इसके अलावा एनरिक नॉर्त्ज, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव ने भी दो-दो विकेट झटके। मुकेश कुमार को एक विकेट मिला। 
10:02 PM, 20-APR-2023

DC vs KKR Live: उमेश यादव भी आउट

16वें ओवर में एनरिक नॉर्त्जे ने उमेश यादव का कैच अपनी ही गेंद पर लपका। उमेश तीन रन बना सके। फिलहाल आंद्रे रसेल और वरुण चक्रवर्ती क्रीज पर हैं।
09:48 PM, 20-APR-2023

DC vs KKR Live: कोलकाता को लगातार दो गेंदों पर दो झटके

15वें ओवर में कुलदीप यादव ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट झटके। उन्होंने ओर की चौथी गेंद पर जेसन रॉय को अमन हकीम खान के हाथों कैच कराया। जेसन 39 गेंदों में 43 रन बना सके। अपनी पारी में उन्होंने पांच चौके और एक छक्का लगाया। वहीं, अगली गेंद पर कुलदीप ने अनुकूल रॉय को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। अनुकूल खाता भी नहीं खोल सके। 
09:32 PM, 20-APR-2023

DC vs KKR Live: मैच देखने पहुंचे एपल के सीईओ

कोलकाता को 12वें ओवर में 70 के स्कोर पर छठा झटका लगा। ईशांत शर्मा ने सुनील नरेन को वॉर्नर के हाथों कैच कराया। नरेन चार रन बना सके। 12 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर छह विकेट पर 73 रन है। जेसन रॉय और आंद्रे रसेल क्रीज पर मौजूद हैं। इस मैच को देखने एपल के सीईओ टिम कुक भी पहुंचे हैं। उनके साथ सोनम कपूर और उनके पति आनंद आहूजा भी मौजूद हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post